सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात सुनते हुए रविवार को सोमेश्वर तहसील क्षेत्र के लोग डीडी न्यूज में दिखाई दिए।
दूरदर्शन देहरादून और दिल्ली की टीम ने कंट्रीवाइड स्कूल टाना सूपाकोट पीएम की मन की बात का लाइव प्रसारण किया। टेलीविजन में लाइव प्रसारण के बीच लोग काफी उत्साहित दिखाई दिए।
रविवार को डीडी न्यूज की टीम ने टाना में लाइव प्रसारण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने रेडियो के माध्यम से पीएम मोदी की मन की बात सुनी।
जिसका सीधा प्रसारण डीडी न्यूज पर हुआ। दिल्ली से आए संवाददाता धीरज और देहरादून से आए हेमंत सिंह राणा ने बताया कि इसका सीधा प्रसारण रविवार को ही किया गया है।
इसके बाद टीम ने क्षेत्र की पारंपरिक खेती और रोपाई की डॉक्यूमेंट्री तैयार की। टीम सदस्यों ने बताया कि अब क्षेत्र की रोपाई का भी प्रसारण किया जाएगा।
सीधे प्रसारण के दौरान तहसीलदार अक्षय भट्ट, महेश चंद्र पांडे, मोहन सिंह नयाल, चंदन सिंह बिष्ट, प्रधान मनीषा देवी, प्रधान दीपा गोस्वामी, रवि मोहन बिष्ट, दीवान नाथ गोस्वामी, वीडीओ मोहन राम आदि रहे।
रानीखेत में बूथ स्तर पर सुनी गई प्रधानमंत्री की मन की बात
रानीखेत (अल्मोड़ा)। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल के प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात सुनी। जिसमें प्रधानमंत्री ने युवाओं को महत्व देते हुए ओलंपिक में जाने वाले खिलाड़ियों के संदर्भ में बात कर उन्हें प्रोत्साहित किया। युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक किया कि व्यायाम और योग कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी को चुनौती देने में सक्षम है।
व्यायाम, योग शरीर को स्वस्थ रखता है साथ ही उन्होंने टीकाकरण पर अपने विचार रखे और उसका महत्व भी लोगों को समझाया। इस मौके पर कार्यक्रम जिला महामंत्री प्रेम शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष छावनी परिषद मोहन नेगी, नगर अध्यक्ष राजेंद्र जसवाल, चंदन भगत, ललित मेहरा, भुवन पाठक आदि रहे।
नैनीसैनी से हवाई सेवा शीघ्र शुरू होगी: जोशी
अल्मोड़ा। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई मन की बात कार्यक्रम अल्मोड़ा में कार्यकर्ताओं ने भी सुना। इस दौरान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद कहा कि इस वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान केंद्र सरकार द्वारा तेजी से कोविड-19 से निपटने के लिए देशभर में इंतजाम किए गए जिससे अब हालात नियंत्रण में आ गए हैं।
कुमाऊं वासियों को भारत सरकार और राज्य सरकार की तरफ से एक सितंबर से पिथौरागढ़ नैनीसैनी से देहरादून और दिल्ली को जोड़ने के लिए हवाई सेवा की सौगात मिलने जा रही है।
हाल ही में आपदा से हुए नुकसान को लेकर भी मुख्यमंत्री से वह मुलाकात कर अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले में सड़कों और सरकारी संस्थानों में हुए नुकसान को लेकर भी मुलाकात करेंगे।
इस दौरान जिला अध्यक्ष रवि रौतेला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश की जनता के साथ मन की बात का संवाद हमेशा उत्साहजनक रहा है।
जिस तरह प्रकृति के लिए काम करने वाले उत्तराखंड के सच्चिदानंद भारती का जिक्र प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में किया उससे स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार उत्तराखंड के क्रियाकलापों में अपने नजर बनाए रखते हैं।
इस मौके पर ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अजय वर्मा, जिला मंत्री विनीत बिष्ट, जिला सह मीडिया प्रभारी संदीप सिंह भोज, नगर अध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, जय सहगल, ललित मेहता आदि थे।