धौलछीना (अल्मोड़ा)। हल्द्वानी से सब्जी लेकर थल जा रहा एक ट्रक मंगलवार सुबह धौलछीना के पास अनियंत्रित होकर दो सौ फिट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को देख अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन की टीम ने लोगों की मदद से शव को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मंगलवार को ट्रक (यूके04/0799) हल्द्वानी से सब्जी लेकर थल की तरफ जा रहा था। सुबह करीब साढ़े चार बजे धौलछीना से लगभग एक किमी पहले कलोन के पास ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फिट गहरी खाई में जा गिरा। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने खाई में ट्रक गिरा देखा तो राजस्व पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर राजस्व उपनिरीक्षक कृपाल सिंह बेलवाल और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। घटना में ट्रक चालक प्रकाश चम्याल (35) पुत्र लक्ष्मण सिंह चम्याल निवासी बूंगा (जमराड़ी) की मौके पर ही मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से आपदा प्रबंधन की टीम ने गहरी खाई से चालक का शव बाहर निकाला।
चालक के पास मिले कर्फ्यू पास में दो लोगों के होने की जानकारी मिली। काफी देर तक दूसरे व्यक्ति की तलाश की गई, लेकिन दूसरा व्यक्ति नहीं मिल सका। आरएसआई ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एकमात्र कमाऊ सदस्य के चले जाने से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
धौलछीना। बूंगा निवासी प्रकाश चम्याल कि मंगलवार सुबह हुई ट्रक दुर्घटना में मौत के बाद परिवार पर गमों का पहाड़ टूट गया है। प्रकाश के कंधों पर विधवा मां, पत्नी और दो बच्चों के भरण पोषण की जिम्मेदारी थी। प्रकाश की मौत की खबर सुनते ही मां और पत्नी बेसुध हो गई। छह और 14 साल की दो मासूम बच्चियों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। प्रकाश की पत्नी गर्भवती है जिसका अगले महीने प्रसव होना है। व्यापार मंडल अध्यक्ष दरबान सिंह रावत ने मृतक आश्रित के परिजनों को ढांढस बताते हुए शासन प्रशासन से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की।