भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। आम आदमी पार्टी भिकियासैंण, सल्ट के कार्यकर्ताओं की बैठक में दिल्ली मॉडल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी राजीव चौधरी ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बुधवार को नगर के एक निजी होटल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सह प्रभारी राजीव चौधरी ने कहा एकजुट होकर आम आदमी पार्टी के प्रादेशिक और केंद्रीय टीम के साथ समन्वय बनाकर लोगों के बीच जाना होगा। आज उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को तीसरे विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने कहा दिल्ली में आप की सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। जिससे लोगों का भरोसा दिनों दिन आम आदमी पार्टी पर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के झंडे अपनी गाड़ियों, घरों और दुकानों पर लगाएं। इस मौके पर जिला केंद्रीय पर्यवेक्षक चंद्र शेखर, प्रभारी सल्ट सुनील टम्टा, आनंद लखचौरा रानीखेत, पीतांबर दत्त, हिम्मत सिंह, विक्रम रावत, मान सिंह, प्रेम प्रकाश आदि मौजूद थे।