अल्मोड़ा विकास भवन में बैठक लेते डीएम नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विकास भवन सभागार में निर्माणदायी संस्थाओं और जिला योजना से जुड़े विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जिला योजना से आवंटित बजट का समय से शत-प्रतिशत विकास कार्यों में खर्च करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
डीएम ने बताया कि शासन से 49.75 करोड़ की जिला योजना में 26.16 करोड़ रुपये अवमुक्त हुए हैं। विभागों को 24.49 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं, जिसके सापेक्ष 12.29 करोड़ की धनराशि विभागों ने व्यय कर ली है। डीएम ने सभी विभागों को कार्यों में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया। बताया कि इस वर्ष जिला योजना के अंतर्गत अंतिम चरण वाले कार्यों के लिए ही धनराशि अवमुक्त की गई है। उन्होंने कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग को कार्यों में तेजी लाने को कहा। डीएम ने कहा कि कोविड-19 के कारण विकास कार्यों में रुकावट और देरी न हो इसका विशेष ध्यान रखें। जिला योजना, राज्य सेक्टर के अलावा केंद्र पोषित योजनाओं में आवंटित धनराशि समय से व्यय करना सुनिश्चित करें।
बीस सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए उन्होंने टास्क फोर्स के अधिकारियों को भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रत्येक माह अर्थ संख्याधिकारी कार्यालय में देने को कहा। बैठक में सीडीओ मनुज गोयल, संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सविता ह्यांकी, डीएफओ महातिम यादव, केएस रावत, जिला विकास अधिकारी केके पंत, डिप्टी कलेक्टर गौरव पांडे, अर्थ एवं संख्याधिकारी जीएस कालाकोटी आदि मौजूद थे।