फ्रीडम फाइटर स्व. जयदत्त वैला पीजी कालेज के वार्षिकोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मची रही। छात्र छात्राओं ने तमाम कार्यक्रमों के माध्यम से समां बांध दिया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रचना रावत ने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए छात्र-छात्राओं से बालिका शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे प्रतिभागियों को उन्होंने सम्मानित भी किया।
शीतलाखेत की प्रभारी प्राचार्य प्रो. शशि पुरोहित की अध्यक्षता में हुए समारोह में ब्लॉक प्रमुख रचना रावत ने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती, हर दिन नया करने का प्रयास होना चाहिए, अनुशासन और लगन के बल पर शिखर छूने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम है। प्राचार्य डा. चंद्र राम ने वार्षिक आख्या पेश की। अतिथियों से महाविद्यालय के विकास में सहयोग की अपील भी की। छात्र संघ अध्यक्ष हेमंत अधिकारी ने महाविद्यालय की समस्याएं गिनाईं, कालेज के विकास के लिए हर संभव संघर्ष करने का संकल्प जताया।
इसके बाद रंगांरग कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, नृत्यों के माध्यम से समां बांध दिया। बाद में खेल सहित तमाम गतिविधियों के अव्वल प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि रचना रावत, प्राचार्य सहित तमाम अतिथियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. आशुतोष त्रिपाठी और रेखा आर्या नेे किया। इस अवसर पर डा. जया पांडे, डा. वीके सिंह, डा. पुष्पेश पांडे, डा. कल्पना शाह, डा. महिराज माहरा, प्रो. जेएस रावत सहित तमाम लोग मौजूद थे।