दीपावली की खरीदारी के लिए अल्मोड़ा बाजार में उमड़ी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार को मनाई जाने वाली दीपावली को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना के लिए लोगों ने मंगलवार को बाजारों से खरीदारी की। स्थानीय दुकानदारों द्वारा खोये और अनाज से बनी मिठाइयों के अलावा ब्रांडेड कंपनियों की मिठाइयां, गिफ्ट आइटम आदि की दुकानें सजा रखी हैं।
लोगों ने घरों को बिजली और फूल की मालाओं से सजाया है। महालक्ष्मी के पहले दिन मंगलवार को नगर की बाजारों में काफी भीड़ रही। लोगों ने बाजारों में सजी दुकानों से पूजा सामग्री, मिठाई, खील, बताशे, खिलौने के अलावा गिफ्ट आइटम भी खरीदे।
स्थानीय स्तर पर तैयार मिठाइयां 130 रुपये से 300 रुपये प्रति किलो तक बिकी। खील-खिलौनों के दामों में पिछले वर्षों की अपेक्षा कुछ बढ़ोतरी हुई हैं। खिलौने 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिके। मोमबत्ती के पैकेट 10 से 50 रुपये तक बिके।
जमने लगे हैं जुए के फड़, लाखों के होंगे वारे न्यारे
दीपावली में जुआ खेलने का रिवाज आज भी बना हुआ है। पुलिस की नजर से बचकर कई स्थानों पर जुए के फड़ जमने लगे हैं। कुछ लोग दीपावली के दिन ही जुआ खेलते हैं लेकिन कई जगह दीपावली के कई दिन बाद तक जुआ चलता है। जुए के फड़ों में हर रोज लाखों रुपये की हार जीत होती है।