धौलछीना(अल्मोड़ा) सेराघाट के भगवती मंदिर के पास खाई में गिरने से लखनऊ के एक पर्यटक की मौत हो गई। पर्यटक अपने चार दोस्तों के साथ पाताल भुवनेश्वर घूमने आया था। पैरापिट में बैठने के प्रयास में वह 60 फुट गहरी खाई में जा गिरा। शव पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा लाया गया है।
जानकारी के अनुसार अमन तिवारी (29) पुत्र आरके तिवारी निवासी सी-एच सेक्टर-1, एलआईसी कालोनी, अलीगंज, लखनऊ अपने चार दोस्तों के साथ पातालभुवनेश्वर (पिथौरागढ़) घूमने आया था। रविवार शाम पाताल भुवनेश्वर से लौटने के बाद रात करीब नौ बजे सेराघाट देवी मंदिर के पास एक ढाबे में उन्होंने साथ खाना खाया। युवक के दोस्त बलवंत बिष्ट ने बताया कि खाना खाने के बाद सभी दोस्त पैदल घूमने के लिए निकल गए।
ढाबे से लगभग 150 मीटर आगे सड़क किनारे बने पैरापिट में बैठने के प्रयास में अमन का पैर फिसल गया और वह लगभग 60 फुट गहरी खाई में जा गिरा। सभी साथी घबराते हुए ढाबा स्वामी के पास पहुुंचे। काफी मशक्कत के बाद वे खाई में पहुंचे तब तक अमन की मौत हो चुकी थी। रात में करीब 11 बजे ढाबा स्वामी ने राजस्व उपनिरीक्षक राजेश आर्या को घटना की जानकारी दी। राजस्व उपनिरीक्षक ने घटना स्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला। सोमवार सुबह शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया गया है।