किड़ई, पचार, मोहली और भूलगांव में तीन महीने से रसोई गैस के सिलेंडरों का वाहन नहीं पहुंच सका है। आपूर्ति नहीं होने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं में भारी गुस्सा है। उन्होंने सड़क पर सिलेंडर रखकर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शीघ्र आपूर्ति नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
नाराज उपभोक्ताओं ने बताया क्षेत्र में तीन महीने से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो सकी। सिलेंडरों के लिए रोजाना सड़क पर आकर लाइन लगाते हैं, लेकिन देर शाम तक वाहन नहीं पहुचंने पर उन्हें निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ता है। जिला मुख्यालय स्थित गैस एजेंसी में संपर्क करने पर वह वाहन भेजने का रोजाना आश्वासन देते हैं। शाम तक वाहन क्षेत्र में पहुंचता ही नहीं है। कहा कि गैस की आपूर्ति नहीं होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग ईंधन के लिए पेड़ काटने को मजबूर हो गए हैं। इससे बरसात में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आपूर्ति शीघ्र नहीं हुई तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। नारेबाजी करने वालों में पचार के ग्राम प्रधान नवीन पांडे, खुशहाल सिंह चौहान, पूरन पांडे, ललित मोहन पांडे, राजेंद्र पांडे, विशन राम, दीपक पांडे, मदन मोहन पांडे आदि शामिल थे। इधर रसोई गैस के स्थानीय एजेंसी के प्रबंधक एसएस खत्री ने बताया कि सिलेंडरों का वाहन शीघ्र भेजा जाएगा।