अल्मोड़ा की बाजार में उमड़ी लोगों की भीड़ ।
- फोटो : ALMORA
दो दिनों के लॉकडाउन के सूचना से लोगों ने बाजार पहुंच निपटाए जरूरी काम
अल्मोड़ा। शनिवार और रविवार को दो दिनों के लॉकडाउन की भनक पड़ते ही शुक्रवार को बाजारों और अस्पतालों में भीड़ बढ़ गई। लोग खरीदारी समेत विभिन्न काम निपटाने बाजार पहुंचे। इस दौरान अस्पतालों में भी उपचार के लिए मरीजों की भीड़ अधिक रही।
राज्य में कोरोना के मामले लगातार बढ़ने से प्रदेश सरकार की ओर से शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन की कवायद की जा रही है। हालांकि शुक्रवार को दिन तक कोई भी गाइडलाइन जारी नहीं हुई। लेकिन फिर भी दो दिनों के लॉकडाउन की खबर फैलने के बाद बाजारों में भीड़ बढ़ गई। सुबह से ही खरीदारी समेत विभिन्न जरूरी कार्यों के लिए लोग बाजार पहुंचे। इस दौरान लोगों ने दो दिन की अतिरिक्त खरीदारी भी की। वहीं अस्पतालों में भी अधिक भीड़ रही। जिला अस्पताल अल्मोड़ा में अल्ट्रासाउंड के लिए भी लोगों की लंबी कतार लगी रही।