लॉकडाउन के दौरान अल्मोड़ा में गश्त करते कोतवाल।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। लॉकडाउन के दौरान शनिवार को भी नगर के बाजार छह घंटे खुले रहे। इस दौरान खरीदारी के लिए बाजार में लोग पहुंचे लेकिन लोगों की संख्या सीमित होने से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता रहा। लोगों ने गेहूं, आटा, चावल, दाल, सब्जी, दूध, दही आदि की खरीदारी की।
शासन ने लॉकडाउन के दौरान बाजार सुबह सात से दोपहर एक बजे तक खुले रखने के निर्देश दिए हैं। लॉकडाउन अवधि में छह घंटे की छूट मिलने पर लोगों को भारी राहत मिली है। सुबह सात बजते ही लोगों ने बाजार का रुख किया। सात से एक बजे तक बाजार में काफी चहल-पहल रही। सब्जी, दूध, राशन, जनरल स्टोर समेत अन्य दुकानों में लोगों की लाइन लगी रही। इस दौरान कई दुकानों में लोग सामाजिक दूरी का पालन करते हुए दिखे तो कहीं इसकी धज्जियां भी उड़ाई गईं। एक बजे बाद बाजार में सन्नाटा पसर गया। आवश्यक सेवा से जुड़े कार्मिकों की आवाजाही जारी रही।
आवश्यक श्रेणी में नहीं आने वाली दुकानें खोली तो सील होंगी : सीमा
अल्मोड़ा। एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने शनिवार को बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान अति आवश्यक दुकानों के अलावा अन्य दुकानें खुली मिलीं। उन्होंने दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाकर उन्हें दुकान बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे दुकानदारों ने दोबारा दुकान खोली तो उनका सामान जब्त करके दुकान सील कर दी जाएगी। इधर तहसीलदार संजय कुमार कोहली ने भी बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ फड़ व्यवसायियों ने बाजार में फड़ लगा रखे थे। तहसीलदार ने फड़ व्यवसायियों को वहां से हटाया। इधर शनिवार को हुई बारिश से सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए दुकानों के आगे बने गोल घेरे मिट गए। तहसीलदार ने दुकानदारों से दोबारा गोल घेरे बनाने को कहा। दुकानदारों ने खुद ही अपनी-अपनी दुकानों के आगे गोल घेरे बनाए।