बागेश्वर। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। अस्पताल में वरिष्ठ सर्जन डॉ. राजीव उपाध्याय अभी अवकाश से लौटे नहीं हैं। अब पूरे जिले के एकमात्र हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गिरिजा शंकर जोशी के अवकाश पर जाने से दिक्कत बढ़ गई है। अस्पताल में हड्डी से संबंधित रोगों का उपचार कराने पहुंच रहे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में वरिष्ठ सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर ताला लटका मिला।
अस्पताल में 366 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। अस्पताल में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ बीते सोमवार से अवकाश पर हैं। उनके अवकाश में होने से अस्पताल में हड्डी से संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को उपचार नहीं मिल पा रहा है। जिले के सीएचसी कांडा, बैजनाथ और कपकोट में भी हड्डी रोग विशेषज्ञ न होने से मरीज जिला अस्पताल पहुंचते हैं। चिकित्सक नहीं मिलने से मरीजों को उपचार नहीं मिल पा रहा है।