अल्मोड़ा। ऑनलाइन बाल यौन शोषण और अश्लील सामग्री फैलाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। जांच के बाद पुलिस ने आरोपित एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
साइबर सेल अल्मोड़ा को नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स पोर्टल (एनसीआरपी) के माध्यम से साइबर टिपलाइन शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसके बाद स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई।
धारानौला चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा ने मामले की गहनता से जांच की। पुलिस जांच में सामने आया कि टिपलाइन में चिह्नित संदिग्ध मोबाइल नंबर को पंकज जोशी निवासी कटोली थाना दन्या अल्मोड़ा संचालित कर रहा था। पूछताछ और जांच में पता चला आरोपी पंकज जोशी साल 2016 से अल्मोड़ा में रहकर पढ़ाई कर रहा है। वह वर्तमान में एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र है। वह दुगालखोला क्षेत्र में किराए पर रह रहा था।
सीओ बलवंत सिंह रावत ने बताया कि चौकी प्रभारी की ओर से प्रेषित की गई पुख्ता जांच रिपोर्ट के आधार पर अल्मोड़ा कोतवाली में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।