चूने की बोरी की आड़ में की जा रही थी शराब की तस्करी
- फोटो : अमर उजाला
रानीखेत/द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। चुनाव के मौसम में अवैध शराब का प्रचलन बढ़ता नजर आ रहा है। छापामारी में कई स्थानों पर शराब पकड़ी जा रही है। इसे रोकने के लिए प्रशासन ने अब उप राजस्व निरीक्षकों की भूमिका भी तय कर दी है। इधर, मदिरा निगरानी टीम ने प्रशासन के साथ छापामारी अभियान चलाकर द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र से देसी, अंग्रेजी शराब और बियर की बरामद की हैं।
चुनाव में अवैध शराब को रोकने के लिए प्रशासन ने मदिरा निगरानी टीमों का गठन भी किया है। पूरे क्षेत्र में कई टीमें काम कर रही हैं। द्वाराहाट के नायब तहसीलदार सतीश बर्थवाल ने अवैध रूप से रखी और बिक रही शराब को लेकर उप राजस्व निरीक्षकों को भी निर्देश दिए हैं। मदिरा निगरानी का नेतृत्व कर रहे आबकारी निरीक्षक ताराचंद्र पुरोहित ने बताया कि बग्वालीपोखर क्षेत्र में दबिश के दौरान जीवन सिंह के कमरे से 60 बोतल अंग्रेजी, 18 बोतल देसी शराब, 24 बोतल बियर की बरामद हुई।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि अवैध शराब को रोकने के लिए टीम पूरे क्षेत्र में मुस्तैदी से कार्य कर रही है। उधर, द्वाराहाट के चौड़ा गांव में भी मुखबिर की सूचना पर उड़नदस्ता टीम के प्रभारी पृथ्वीराज सिंह, नायब तहसीलदार ने टीम के साथ छापा मारा। इस दौरान राजेंद्र सिंह की दुकान से 17 बोतल देसी शराब की बरामद की गई हैं। कोतवाली पुलिस को गश्त के दौरान टीम को फटगली निवासी जमन सिंह के पास से एक पेटी शराब बरामद हुई। अवैध शराब रखने पर उसके खिलाफ 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।