जागेश्वर (अल्मोड़ा)। जागेश्वर मंदिर समूह में मास्टर प्लान के तहत जमीन पर लगाए गए लाइट फ्रेम श्रद्धालुओं के लिए दुर्घटना का कारण बनते जा रहे हैं। इन फ्रेमों से टकराने और फिसलने की घटनाओं में कई श्रद्धालु चोटिल हो चुके हैं। सोमवार को एक और हादसे में सात वर्षीय बच्चा घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सल्ट के मूल निवासी एवं वर्तमान में हरिद्वार निवासी हेम चंद्र लकचौरा का पुत्र मानवीक मंदिर परिसर में लाइट फ्रेम पर फिसल गया। हादसे में उसकी दाहिनी आंख के पास गहरा घाव हो गया। परिजन उसे तत्काल जागेश्वर धर्मशाला में सेवा दे रहे फार्मेसी अधिकारी गोपाल सिंह के पास लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनुवानौला रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइट फ्रेमों की डिजाइन और स्थापना श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा कर रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
घटना की जानकारी पर मंदिर समिति की कार्यवाहक प्रबंधक एवं भनोली तहसीलदार ज्योति धपवाल ने घायल बच्चे का हालचाल जाना और स्वयंसेवकों को श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।