अल्मोड़ा। जिला अस्पताल अल्मोड़ा की लिफ्ट फिर खराब हो गई है। अस्पताल में अक्सर लिफ्ट खराब होना आम बात हो गई है। लिफ्ट ठप हो जाने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लॉकडाउन के बीच ही अस्पताल की लिफ्ट तीन-चार बार खराब हो चुकी थी। कई बार लिफ्ट ठीक करवा दी गई, पर लिफ्ट ठीक तरह से संचालित नहीं हो सकी। लॉकडाउन के समय लिफ्ट खराब होने पर इंजीनियरों की टीम बुलवाई गई थी। जिन्होंने लिफ्ट की मरम्मत कर उसे सुचारु किया था, लेकिन एक-दो दिन में लिफ्ट फिर खराब हो गई थी।
पिछले माह भी लंबे समय तक लिफ्ट खराब रही, बाद में फिर इंजीनियरों ने लिफ्ट ठीक की लेकिन अब फिर महीने भर भी लिफ्ट संचालित नहीं हो सकी। एक बार फिर लिफ्ट खराब होने से मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार इमरजेंसी में लाए जा रहे मरीजों को लंबी सीढ़ी चढ़कर अस्पताल पहुंचना पड़ता है।
बीमारों को सीढ़ियां चढ़ने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अस्पताल के पीएमएस डॉ. आरसी पंत ने बताया कि लिफ्ट में तकनीकी खराबी आई हुई है। जिसके लिए बरेली से इंजीनियर बुलवाए गए हैं, लेकिन शनिवार और रविवार को लॉकडाउन के कारण इंजीनियर नहीं आ पा रहे हैं। शीघ्र ही इंजीनियर को बुलवाकर लिफ्ट ठीक की जाएगी।