द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर में धनुली देवी भंडारी जनता पुस्तकालय चैरिटेबल ट्रस्ट का पुस्तकालय भवन बन गया है। क्षेत्रीय विधायक महेश नेगी ने शुक्रवार को इसका उद्घाटन किया। उन्होंने पुस्तकालय में कक्ष निर्माण आदि विकास कार्यों के लिए राशि देने का आश्वासन दिया।
विधायक नेगी ने कहा कि तकनीक के इस दौर में लोग अध्ययन कार्यों से दूर हो रहेे हैं। इस कारण तमाम तरह की विकृतियां फैल रही हैं। ट्रस्ट ने पुस्तकालय का निर्माण कर क्षेत्रवासियों को नई राह दिखाने का प्रयास किया है। उन्होंने केंद्र, राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी।
कहा कि विधानसभा में आधे से एक किमी सड़क के लिए 50 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। पंचायत से प्रस्ताव पास कराकर सरकार को भेजने की अपील की। उन्होंने नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने का आह्वान किया। क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव अपनी तरफ से प्रयासरत रहने का आश्वासन दिया।
कहा कि पुस्तकालय के विकास के लिए भी वह सहयोग करेंगे। वहां बड़ा कक्ष, सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा। इससे पूर्व ट्रस्ट की ओर से विधायक का स्वागत किया गया। स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए। भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल शाही, मंडल अध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने विचार रखे। ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी ने अध्यक्षता की। पुस्तकालय के संस्थापक प्रबंधक ट्रस्टी जगत सिंह भंडारी आदि ने विधायक का अभिनंदन किया। ट्रस्टी डीडी जोशी, कुंदन सिंह मेहता, हरिशरण शर्मा, शिवदत्त पांडे, प्रमोद जोशी, अमरनाथ गोस्वामी, भूपाल भंडारी आदि थे।