अल्मोड़ा के रोडवेज स्टेशन पर गाड़ी का इंतजार करते यात्री।संवाद
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। त्योहारी सीजन में रोडवेज की कई सेवाओं का संचालन न होने से यात्री परेशान रहे। केमू के सभी बसों का संचालन होने से यात्रियों को राहत मिली। धनतेरस पर प्रवासियों के घरों को लौटने से बस स्टेशनों और टैक्सी स्टैंडों में यात्रियों में भीड़ रही। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों में होड़ रही। टैक्सी स्टैंड भी गुलजार रहा।
त्योहारी सीजन में भी रोडवेज की सेवा पटरी पर नहीं आई। रोडवेज स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक धनतेरस पर रविवार को रोडवेज की अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली, बरेली-बागेश्वर, अल्मोड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-देहरादून आदि सेवाओं का संचालन ठप रहा। बसें न चलने से लमगड़ा, दिल्ली, देहरादून आदि स्थानों को जाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी है। केमू की सभी बसें चलने से यात्रियों को राहत मिली। टैक्सियां भी यात्रियों से पैक होकर रवाना हुई। धनतेरस की खरीदारी करने के बाद लोग दिवाली मनाने घरों को लौटे। खासकर देहरादून, हरिद्वार, चंडीगढ़, पंजाब समेत ग्रामीण इलाकों को जाने वाले प्रवासियों की संख्या अधिक रही। दिन भर बस स्टेशन यात्रियों से गुलजार रहे। केमू के सुपरवाइजर बीबी चंदोला ने बताया कि केमू की सभी बसों का नियमित संचालन हुआ।