रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बढ़ती जा रही है। ताजा मामला एक घर के आंगन में तेंदुए के घुसने का है, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज में तेंदुआ कुछ देर आंगन में घूमता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह वहां से भाग गया। घटना देर रात की बताई जा रही है।
इसके बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी क्षेत्र के आसपास तेंदुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और तेंदुए के आतंक से जल्द निजात दिलाने की मांग की है।
क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी। लोगों से अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। - तापस मिश्रा, वन क्षेत्राधिकारी रानीखेत