अल्मोड़ा जिले में नगर से लेकर गांवों तक तेंदुए की दहशत
भतरौंजखान(अल्मोड़ा)। जिला मुख्यालय सहित रानीखेत, भतरौंजखान, ताड़ीखेत में तेंदुए की सक्रियता बनी हुई है। शनिवार शाम भतरौंजखान से करीब दो किमी दूर खीला और नौघर गांव के बीच तेंदुआ सड़क पर चहलकदमी करते नजर आया। मुख्य बाजार में दुकान चलाने वाले नौघर के व्यापारी प्रकाश सती ने बताया कि गांव लौटते समय तेंदुआ सड़क पर नजर आया। किसी तरह उन्होंने अपनी बाइक मोड़कर जान बचाई। कुछ देर बाद ही तेंदुआ गांव के बीच पहुंच गया। उसकी दहाड़ से दहशत में आए ग्रामीणों को घरों के भीतर कैद होकर रहना पड़ा। रानीखेत मुख्य बाजार की गलियों में भी तेंदुए की सक्रियता बनी हुई है। बृहस्पतिवार को तेंदुए ने नगर के बीच एक मोहल्ले में कुत्ते को मार डाला।
कोट- इन दिनों तेंदुए की सक्रियता बढ़ी है। प्रभावित गांवों में पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जा रही है। लोगों को भी सतर्कता दिखानी होगी। -तापस मिश्रा, रेंजर वन विभाग।