चार दिन पूर्व लिंक रोड के पास दो शावकों के साथ घूम रहा तेंदुआ अभी पिंजरे में नहीं फंस पाया है। तेंदुए के पकड़ में नहीं आने के कारण स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से सक्रिय तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। इधर दिन के वक्त लोवर मालरोड में झाड़ियों के बीच छुपे तेंदुए को देखने लोगों की भीड़ भी इकट्ठा हो रही है। लिंक रोड में सक्रिय तेंदुए को पकड़ने के लिए शुक्रवार रात को वन विभाग ने पिंजरा लगाया था, लेकिन तब से दो दिन हो गए तेंदुआ पिंजरे की ओर भी फटकता हुआ दिखाई नहीं दिया।
तेंदुए के अब तक नहीं पकड़े जाने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग के आसपास काफी घर हैं। तेंदुआ कभी भी उन घरों में घुस सकता है और लोगों को नुकसान पहुंचा सकता है। इधर रविवार को दिन के समय तेंदुए को देखने के लिए स्थानीय लोगों की काफी भीड़ रही। वन कर्मियों ने लोगों को दूर रहने की हिदायत दी है। इस दौरान वन कर्मचारी लगाए गए पिंजरे के आसपास तेंदुए के निशान देखकर उसकी हरकतों पर नजर रखते रहे। रेंजर मोहन राम ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने की कोशिश जारी है।