मृतक रमेश चंद्र उर्फ रघुवर दत्त पंत
- फोटो : RANIKHET
चमड़खरानीखेत (अल्मोड़ा)। लंबे समय से चमड़खान क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने तेंदुए ने रविवार देर शाम एक बुजुर्ग को मार डाला।
रैली टाना गांव निवासी पंडिताई का काम करने वाले बुजुर्ग देर शाम साढ़े सात बजे चमड़खान से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। घर से सौ मीटर पहले घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हमला उन्हें शिकार बना डाला। जब तक वह शोर मचाते तेंदुआ अपना काम कर चुका था।
बताया जा रहा है कि रमेश चंद्र उर्फ रघुवर दत्त पंत (60) रविवार को रोज की तरह ही चमड़खान से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। चमड़खान से रैली टाना गांव की दूरी बमुश्किल एक किमी है। रघुवर दत्त पंत शास्त्री का कार्य करते थे। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग के रवैये के प्रति भी लोगों में आक्रोश है।
मुझे लगभग पौने आठ बजे फोन आया था, कि तेंदुए ने रघुवर पंत को निवाला बना दिया है। मैं मौके पर हूं, शव अभी यहीं है। वन विभाग के अधिकारियों का इंतजार चल रहा है। प्रथम दृष्टिया तेंदुए का ही हमला लग रहा है। - प्रदीप बिजल्वाण, उपराजस्व निरीक्षक।
-सूचना मिली है कि रैली टाना गांव में एक व्यक्ति को तेंदुए ने निवाला बनाया है। अभी मैं अल्मोड़ा से वापस लौट रहा हूं, देर रात तक मौके पर पहुंचुंगा। इसके बाद मुआवजा आदि की कार्रवाई की जाएगी। -हरीश टम्टा, वन क्षेत्राधिकारी, रानीखेत।