रानीखेत (अल्मोड़ा)। तहसील के सुदूर चमड़खान नौगांव के फयाटनौला में युवक को निवाला बनाने वाला तेंदुए तीन दिन बाद भी पिंजरे में कैद नहीं हो सका है। घटना के बाद से ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालांकि वन विभाग की टीम गांव में ही डेरा डाले हुए हैं और वहां नियमित गश्त भी की जा रही है। गांव के आसपास के क्षेत्र में कैमरा ट्रैप भी लगा दिए गए हैं। इधर बृहस्पतिवार को भी तेंदुए को आदमखोर घोषित नहीं किया गया था।
बता दें कि फयाटनौला निवासी 40 वर्षीय जगदीश चंद्र असनौड़ा को तीन दिन पहले तेंदुए ने गांव के पास ही मार डाला था। घटना के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। गांव के पास ही घटना स्थल पर पिंजरा भी लगा दिया गया है। हालांकि अब तक पिंजरे में तेंदुआ कैद नहीं हो पाया है। एसडीओ रानीखेत के नेतृत्व में एक सेक्शन ऑफिसर, तीन बीट ऑफिसर और चार वॉचर गांव के आसपास नियमित गश्त कर रहे हैं।
वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को गांव में घटना स्थल के आस-पास कैमरा ट्रैप भी सेट किए गए हैं, इससे तेंदुए की मूवमेंट पता चलेगी। शुक्रवार को विभाग की ड्रोन और ट्रेंकुलाइजेशन टीम भी गांव में पहुंच जाएगी। इसके बाद पूरे इलाके में ड्रोन की मदद से भी तेंदुए की तलाश की जाएगी। आदमखोर घाेषित होने और मारने की अनुमति मिलने के बाद उसे शूट किया जाएगा।