लीसा डिपो के ठीक सामने बैराठेश्वर से लगे खेतों में तेंदुए ने दिनदहाड़े घास लेने गई एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों द्वारा शोर मचाने पर तेंदुआ झाड़ियों में छिप गया। महिला को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी लाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भटकोट निवासी मोतूली देवी (65) पत्नी जगत सिंह दिन में करीब साढ़े तीन बजे लीसा डिपो के ठीक सामने बैराठेश्वर से लगे अपने खेतों से घास निकाल रही थी। इसी दौरान उस तेंदुआ झपट पड़ा। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर एकत्रित हुए लोगों का शोर सुनकर तेंदुआ झाड़ियों में छिप गया। इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता ललित जोशी घायल महिला को अपने वाहन से सीएचसी में लाए। महिला के पीठ और दाहिने कंधे पर नाखून के निशान हैं।
विज्ञापन
चिकित्सक डॉ. सौम्यता चंद्रा ने महिला को खतरे से बाहर बताया है। उन्होंने बताया कि महिला को भर्ती कर लिया गया है। फिलहाल प्राथमिक उपचार के साथ ही एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया है।
लोगों में मचा हड़कंप
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। तेंदुए द्वारा महिला पर आबादी से घिरे खेतों में दिनदहाड़े हमला करने से खेतों में काम कर रही अन्य महिलाओं में भी हड़कंप मच गया। कई महिलाएं बिना घास लिए घरों को भाग गईं। यह खबर तेजी से फैलने के बाद निकटवर्ती क्षेत्रों के कई लोग आसपास खेल रहे अपने बच्चों को लेने दौड़ पड़े। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।