चौखुटिया में रैली निकालते पूर्व सैनिक।
- फोटो : amar ujala
भूतपूर्व सैनिक संगठन के आह्वान पर पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त जवानों ने पुलवामा के शहीदों की याद में रैली निकाली बाद में क्रांतिवीर चौराहे पर आयोजित शोक सभा में सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।
पूर्व सैनिकों ने पुलवामा के शहीदों की याद में सैनिक विश्राम गृह से क्रांतिवीर चौराहे तक नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। हाथ में तिरंगा लिए पूर्व सैनिक पाकिस्तान मुर्दाबाद और वीर शहीद अमर रहें जैसे नारे लगा रहे थे। बाद में क्रांतिवीर चौराहे पर हुई शोक सभा में शहीदों को याद किया गया। इस मौके पर हुई सभा में सेवानिवृत्त जवानों ने सरकार से आतंकवादी घटना के लिए जिम्मेदार पाकिस्तान को करारा सबक सिखाने की मांग की। वक्ताओं का कहना था कि जरूरत पड़ने पर वे भी अपनी सेवाएं देकर पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक मोर्चा संभालने को तैयार हैं। पूर्व सैनिकों का कहना था कि पाकिस्तान के साथ ही देश में छिपे गद्दारों को चिन्हित कर उन्हें भी उनके अंजाम तक पहुंचाया जाना चाहिए।
रैली और सभा में कै. माधोसिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह, खीमसिंह, किसन सिंह, त्रिलोक सिंह, दौलत सिंह, पानसिंह, कुंवर सिंह, देवसिंह, मोहन सिंह, मदन सिंह, आनंद सिंह और प्रताप सिंह सहित तमाम लोग शामिल थे।