जिला प्रशासन ने नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कमर कस ली है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलक्ट्रेट सभागार में स्वच्छता अभियान की बैठक में कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही अतिक्रमण पर पैनी नजर रखी जाएगी।
पालिका के ग्यारह वार्डों में जिला स्तर के अधिकारियों की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया गया है। उनके साथ संबंधित वार्ड सदस्य, सफाई नायक समन्वयक बनाकर काम करेंगे। स्वच्छ अल्मोड़ा नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है।
नामित अधिकारी सप्ताह में दो दिन अपने-अपने वार्ड का निरीक्षण कर रिपोर्ट मय फोटोग्राफ के व्हाट्सएप में लोड करेंगे। संबंधित सफाई नायकों, सफाई चालकों को नियमित रूप से सफाई के लिए निर्देश देंगे। स्वच्छ अभियान के लिए अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर के वरिष्ठ नागरिकों, सिविल सोसायटी और स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा भी इसमें सहयोग दिया जाएगा। डीएम ने मोहल्ला स्वच्छता समिति गठित करने के निर्देश पालिका को दिए। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कार्रवाई करने को कहा।
सफाई व्यवस्था के संबंध में सुझाव और शिकायत प्राप्त करने के लिए जिला कार्यालय में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। सफाई कर्मचारियों के पहचान पत्र बनाए जाएंगे। सफाई व्यवस्था में सहयोग नहीं देने वालों और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
डीएम ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान के आगे डस्टबिन लगाने को कहा है। पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने कहा कि प्रशासन द्वारा सफाई के लिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्णय से अच्छे परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि नगर का सीमांकन बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।
बैठक में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश बिष्ट, सभासद अशोक पांडे, हेम तिवारी, सचिन आर्या, राजेंद्र तिवारी, गिरीश गोस्वामी, राधा नेगी, कंचन भट्ट, अख्तर हुसैन, मुकेश नेगी, श्याम पांडे, विद्या बिष्ट, जीवन नाथ वर्मा, घनानंद जोशी, वसुधा पंत, रीता दुर्गापाल, डिसूजा आदि ने भाग लिया।
वार्ड अध्यक्ष बनाए गए जिला स्तरीय अधिकारी
वार्ड समिति अध्यक्ष
सेलाखोला परियोजना निदेशक डीआरडीए
विवेकानंदपुरी ईई लोनिवि प्रांतीय खंड
मुरली मनोहर एसडीएम सदर
बद्रेश्वर जिला विकास अधिकारी
नंदादेवी उप निदेशक अर्थ संख्याधिकारी
लक्ष्मेश्वर मुख्य चिकित्साधिकारी
एनटीडी डीएफओ अल्मोड़ा
रामशिला वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कलक्ट्रेट
बालेश्वर जिला पंचायत राज अधिकारी
राजपुरा जिला उद्यान अधिकारी
त्रिपुरासुंदरी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी