डिजि धन मेले में मौजूद विधान सभा उपाध्यक्ष।
- फोटो : अमर उजाला
तकनीकी युग में आगे बढ़ने के लिए नकद रहित लेने-देन को बढ़ावा देना होगा। इसके लिए बैंक कर्मियों को लोगों को कैशलेस के प्रति जागरूक करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार करना होगा। यह बात विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने एसबीआई मुख्य शाखा में आयोजित डिजिधन मेले के शुभारंभ मौके पर कही।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों को देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति के बैंक खाते को आधार से लिंक कराने की जरूरत पर जोर दिया। भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान युग तकनीकी का युग है और इसमें आगे बढ़ने के लिए नकद रहित लेन-देन को बढ़ावा देना जरूरी है।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि डिजिटल पेमेंट से लेन-देन में पारदर्शिता बनी रहेगी। सीडीओ जेएस नागन्याल ने बताया कि डिजिधन मेला कार्यक्रम जिला मुख्यालय के साथ ही सभी विकासखंड मुख्यालयों में भी आयोजित किया जा रहा है। एसबीआई के क्षेत्रीय महाप्रबंधक महेश बर्थवाल ने बताया कि डिजिधन मेले के जरिए लोगों को कैश लैस पेमेंट, इंटरनेट बैंकिंग और आधार कार्ड के माध्यम से बैंकिंग आदि के बारे में बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना में कई आकर्षक इनाम भी रखे गए हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, डीएफओ एसआर प्रजापति ने भी विचार रखे।
इस मौके पर प्रधानमंत्री के डिजिटल लेने-देन को प्रोजेक्टर के माध्यम से भी दिखाया गया। कार्यक्रम में एसएसपी डीएस कुंवर, एसडीएम विवेक राय, तहसीलदार पीडी सनवाल, अग्रणी बैंक प्रबंधक मदन गोपाल वर्मा, जगदीश कुमार, पीसी जोशी, केवल सती, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, रवि रौतेला, कैलाश गुरुरानी, नवीन गुरुरानी आदि अधिकारी मौजूद थे।