जागेश्वर(अल्मोड़ा)। जागेश्वर के मास्टर प्लान के तहत आरतोला में वन पंचायत की भूमि अधिगृहण को लेकर ग्रामीणों और अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें पीआईयू के अधिकारियों ने कहा कि मास्टर प्लान के तहत कई कार्य प्रस्तावित हैं जिसके लिए आधा हेक्टेयर भूमि चाहिए। ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण कार्य के लिए भूमि ग्राम पंचायत की खुली बैठक में सभी की सहमति के बाद दी जाएगी।
बृहस्पतिवार को हुई बैठक में पीआईयू के लोक निर्माण विभाग के एई हेमंत पाठक ने बताया कि मास्टर प्लान के तहत ईबी चार्जिंग स्टेशन, पार्किंग गेट, दुकानें, पार्किंग, मेडिकल सेंटर और रैन बसेरे का निर्माण कार्य किया जाना है। इसके लिए आधा हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। बैठक में मौजूद कोटुली गूठ के सरपंच पूरन सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंदन सिंह राणा ने कहा सामूहिक तौर पर सभी ग्रामीणों की आम सहमति के बाद ही भूमि हस्तांतरण को लेकर निर्णय लिया जाएगा। इसके लिए जल्द खुली बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जब सभी सहमत होंगे तभी भूमि दी जाएगी। बैठक में कनिष्ठ अभियंता हर्षिता सुयाल, राजस्व उप निरिक्षक सुरेश अंडोला आदि रहे।