चितई ग्वल देवता मंदिर में इंसाफ की गुहार लगाने पहुंचे युवक के माता पिता।
- फोटो : अमर उजाला
जीआईसी सत्यौं में दसवीं के छात्र राकेश कनवाल की जलकर हुई मौत के मामले से नाम जोड़े जाने पर क्षेत्र के एक युवक ललित के माता-पिता ने शनिवार को चितई मंदिर में चिट्ठी टांगकर न्याय की गुहार की है।
बता दें कि शुक्रवार को पुलिस ने राकेश कनवाल की मौत का खुलासा कर दिया था। पुलिस के मुताबिक राकेश काफी दिनों से एक लड़की से प्यार करता था और वह उसे शादी के लिए राजी करना चाह रहा था। लड़की के मना करने पर राकेश तनाव में आ गया और उसने आग लगाकर आत्महत्या कर ली।
पूर्व में राकेश की एक युवक के साथ कुछ विवाद हुआ था, लेकिन पुलिस की जांच में राकेश की मौत के लिए किसी अन्य को दोषी नहीं पाया गया है। इधर इस मामले से नाम जोड़े जाने को लेकर एक युवक ललित सतवाल के परिजन काफी दुखी हैं। ललित के माता-पिता ने शनिवार को चितई के ग्वल देवता मंदिर में चिट्ठी टांगकर ग्वलज्यू से न्याय दिलाने की गुहार की। पत्र में उन्होंने कहा है कि अगर उनका बेटा दोषी पाया जाता है तो उसे अवश्य दंड दिया जाए, लेकिन दोषी नहीं है तो भगवान उन्हें सजा दे। माता-पिता ने क्षेत्र के कुछ लोगों पर इस मामले में उनके बेटे का नाम बेवजह लपेटे जाने का आरोप लगाया है।