कूर्मांचल एकेडमी में अभिलेखों की जांच करते एसडीएम।
- फोटो : अमर उजाला
सरकार के आदेशों के बाद भी कई निजी विद्यालय विद्यार्थियों से रीएडमिशन और काशनमनी की धनराशि वसूल रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा गठित समिति के अध्यक्ष उपजिलाधिकारी विवेक राय के नेतृत्व में अधिकारियों ने कूर्मांचल एकेडमी के अभिलेखों का निरीक्षण किया और पाया कि विद्यालय द्वारा 198 बच्चों से रीएडमिशन और काशनमनी की चार लाख उन्नीस हजार पांच सौ रुपये की धनराशि नियम विरुद्ध वसूली है। उपजिलाधिकारी ने 15 अक्तूबर से पहले यह पैसा लौटाकर विद्यार्थियों के बैंक खाते में जमा कर अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश विद्यालय प्रबंधन को दिए हैं।
मालूम हो कि सरकार ने निजी विद्यालयों द्वारा छात्रों से रीएडमिशन और काशनमनी शुल्क वसूलने पर रोक लगा रखी है। उपजिलाधिकारी विवेक राय और खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश जंगपांगी ने कूर्मांचल एकेडमी अल्मोड़ा के अभिलेखों का निरीक्षण किया तो पाया कि विद्यालय प्रबंधन ने ग्यारहवीं में रीएडमिशन के लिए 98 बच्चों से तीन लाख ग्यारह हजार पांच सौ रुपये वसूले हैं, जबकि कक्षा एक से नवीं तक के 108 बच्चों से काशनमनी के रूप में एक लाख आठ हजार रुपये लिए हैं।
उपजिलाधिकारी राय ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने कुल 198 बच्चों से पुन: प्रवेश शुल्क और काशनमनी शुल्क की चार लाख 19 हजार पांच सौ रुपये की धनराशि वसूली है, जो कि नियम विरुद्ध है। एसडीएम ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि नियम विरुद्ध ली गई यह धनराशि विद्यालय प्रबंधन 15 अक्तूबर से पहले लौटाकर छात्र-छात्राओं के बैंक खाते में जमा कराए और लौटाई गई धनराशि के सभी अभिलेख उन्हें उपलब्ध कराए। एसडीएम ने कहा है कि भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। अन्य निजी विद्यालयों का भी जल्द निरीक्षण किया जाएगा। मालूम हो कि इससे पूर्व भी एसडीएम के निर्देश पर एक अन्य विद्यालय ने नियम विरुद्ध ली गई काशनमनी और रीएडमिशन की 2.06 लाख रुपये की धनराशि छात्र-छात्राओं को लौटाई थी।