अल्मोड़ा। चारधाम यात्रा ड्यूटी के लंबित भत्ते के भुगतान न होने से आक्रोशित लैब टैक्नीशियनों ने शनिवार से काली पट्टी बांधकर विरोध शुरू कर दिया है। लैब टक्नीशियनों ने मांग शीघ्र पूरा न होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी।
उत्तराखंड मेडिकल लैब टैक्नीशियन एसोसिएशन के बैनर तले एकजुट लैब टैक्नीशियनों ने अपने तैनाती स्थलों पर बांहों पर काला फीता बांधकर काम किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा में भी लैब टैक्नीशियनों ने विरोध जताया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि लैब टैक्नीशियनों को वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा ड्यूटी के यात्रा भत्ते का भुगतान अब तक नहीं किया गया है।
कई लैब टैक्नीशियन किराये के मकानों में रहते हैं। यात्रा भत्ते का भुगतान न होने से उन्हें आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने यात्रा भत्ते का भुगतान शीघ्र करने की मांग की। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं होने पर कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी। वहां कोषाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, पूरन पांडे, सचिव महेंद्र सिंह बिष्ट, चंद्रशेखर शर्मा आदि मौजूद रहे।