विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने धौलादेवी क्षेत्र के अनेक गांवों का भ्रमण कर समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता पर चिंता जताई और लोगों का आह्वान किया कि राजनीतिक स्थिरता लाने के लिए संगठित होकर बड़े संघर्ष के लिए आगे आएं।
श्री कुंजवाल ने धौलादेवी ब्लाक के मनीआगर, तोली, पनुवानौला, आरतोला, जागेश्वर, गुरुड़ाबांज, चामी, सप्तेश्वर, बानटोक, ग्वाड़ आदि क्षेत्रों में लोगों से संपर्क किया। उन्होंने राज्य में वर्तमान राजनीतिक अस्थिरता पर चिंता जताई। कहा कि बिना राजनीतिक स्थिरता के प्रदेश का सर्वांगीण विकास नहीं हो सकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद प्रदेश में डेढ़ दशक में विभिन्न दलों की सरकारें रहीं। जनता मूल्यांकन करे कि किस सरकार ने गरीबों, दलितों के उत्थान और पर्वतीय क्षेत्र के विकास की ओर ध्यान दिया। सप्तेश्वर मंदिर में मेले का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि मेले हमारी पुरानी परंपरा को जीवित रखने और आपसी प्रेमभाव को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं।
राम नवमी की बधाई देते हुए उन्होंने भगवान राम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इससे पहले श्री कुंजवाल ने चितई, जागेश्वर, ग्वाड़ मंदिरों में पूजा अर्चना की। उनके साथ ब्लाक प्रमुख पीतांबर पांडे, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रशांत भैसोड़ा, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन सिंह सिंग्वाल, नरेंद्र बनौला, एनडी भट्ट, राजेद्र बनौला, रमेश जोशी, हीरा डोलिया, कृपाल दत्त सनवाल, दीपक गैड़ा, हरीश ग्वालाकोटी, कपिल जोशी, हरिमोहन भट्ट, नारद भट्ट, बहादुर राम, शिवदत्त सनवाल आदि थे। इससे पहले गत रात श्री कुंजवाल ने लमगड़ा में व्यापार मंडल द्वारा आयोजित दुर्गा महोत्सव और देवी जागरण में भी भाग लिया।