पर्यटन विकास परिषद और परमार्थ निकेतन ऋषिकेश की ओर से जागेश्वर में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव शुरू हो गया है। योग महोत्सव में 16 देशों से 125 साधक पहुंचे हैं। वैदिक मंत्रों के साथ महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, स्वामी चिदानंद सरस्वती आदि ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस मौके पर श्री कुंजवाल ने कहा कि जागेश्वर धाम को योग, ध्यान, साधना केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार गंभीर है। चिदानंद सरस्वती ने कहा कि संत, समाज और सरकार मिलकर काम करें तो जागेश्वर आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विश्वविख्यात हो सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष श्री कुंजवाल ने कहा कि भगवान शिव की तपस्थली जागेश्वर का धार्मिक, आध्यात्मिक महत्व तो है ही, इस मनोहारी स्थली को पर्यटन स्थली के रूप में विकसित करने से सरकार को राजस्व मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल सकता है। उन्होंने कहा कि पवित्र धाम में योग महोत्सव के माध्यम से सरकार इसे योगस्थली के रूप में विकसित करने को गंभीर है। उन्होंने परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती से इस योजना में मार्गदर्शन करने का आग्रह किया।
इस मौके पर साध्वी भगवती, भारत मित्र, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, केएमवीएन उपाध्यक्ष गोपाल दत्त भट्ट, कर सलाहकार समिति उपाध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक, पीतांबर पांडे, राजेंद्र बाराकोटी, आयुक्त अवनेंद्र नयाल, केएमवीएन के एमडी धीराज गर्ब्याल, डीएम सविन बंसल, एसपी केएस नगन्याल, एसडीएम अनिल चन्याल, डीसीबी अध्यक्ष प्रशांत भैसोड़ा, हरीश कुंजवाल आदि मौजूद थे।