अल्मोड़ा। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने राजनीतिक क्षेत्र में आ रही गिरावट पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सिद्धांत विहीन और पद लोलुपता की भावना के चलते जनता के बीच नेताओं की साख गिर रही है।
लोकतंत्र की बेहतरी को निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुचिता और जन कल्याण की भावना से काम करना होगा, ताकि जनप्रतिनिधियों के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे। कुंजवाल मनीआगर में नौगांव जिला पंचायत क्षेत्र के सम्मेलन में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि ईमानदार राजनीति से ही देश का भला हो सकता है। कहा कि विधानसभा में बजट पारित होने के बावजूद राज्य को विकास के लिए बजट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि दलबदल के लिए राजनीति में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। कुंजवाल ने कहा कि सामाजिक और राजनैतिक कार्यकर्ता निष्पक्ष होकर जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।
सम्मेलन की अध्यक्षता मोहन सिंह सिंगवाल ने की। ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडे, एनडी भट्ट, नरेंद्र बनौला, दीवान आर्या, शेखर पांडे, दीवान बिष्ट, वीके भट्ट, हरीश ग्वालाकोटी, हीरा डोलिया, पीपी पांडे, नंदन सिंह, कुंदन रौतेला, नारायण सिंह, बहादुर राम, शिवराज सिंह, सुभाष जोशी आदि ने विचार रखे।