कुमाऊं विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच रुद्रपुर महाविद्यालय ने तीन विकेट से जीत लिया है। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा उपविजेता रहा। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. एचएस धामी ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
फाइनल मैच एसएसजे परिसर अल्मोड़ा और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर के बीच हुआ। टॉस जीतकर अल्मोड़ा परिसर ने बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। अल्मोड़ा परिसर की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुद्रपुर की टीम ने 19वें ओवर में सात विकेट खोकर 148 रन बनाकर मैच जीत लिया। रुद्रपुर ने फाइनल मुकाबला तीन विकेट से जीता। विजेता टीम के पंकज पांडे ने 62 रन का योगदान दिया। अंपायर संजय वर्मा, देवेंद्र परिहार थे।
समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. एचएस धामी ने खिलाडिय़ों को पुरस्कार प्रदान किए। विशिष्ट अतिथि शांति धामी थी। अध्यक्षता डीएसडब्ल्यू प्रो. दया पंत ने की।
इस अवसर पर संजय गब्र्याल, डीके सेन, विनीत बिष्ट, भैरव गोस्वामी, केएल टम्टा, अक्षित पांडे, कल्पित रावत, पंकज बिष्ट, विकास कन्नौजिया, ललित सतवाल, श्याम भट्ट, किशन टम्टा, राजेंद्र सिंह राणा, चंदन लटवाल आदि मौजूद थे। स्कोरिंग कैलाश डोलिया ने की।
इस मौके पर कुमाऊं विश्वविद्यालय की टीम का भी चयन किया गया। चयनकर्ता मुकेश तोमर और मनोज सनवाल थे। चयनित टीम अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में होने वाली अंतर विश्वविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में भागीदारी करेगी।