अल्मोड़ा। एडम्स इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित एडम्स नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 22 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के तहत खेले गए मुकाबलों में कुमाऊं टाइगर्स, चितई सेवन और जय साईं सेवन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
मैच से पूर्व मुख्य अतिथि भैरव गोस्वामी और सुशील साह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। शुक्रवार को पहला मैच कुमाऊं टाइगर्स और ब्रदर्स सेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कुमाऊं टाइगर्स की टीम ने नौ ओवर में छह विकेट खोकर 57 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्रदर्स सेवन की टीम 7.4 ओवर में छह विकेट खोकर 49 रन ही बना सकी। कुमाऊं टाइगर्स ने यह मुकाबला आठ रन से जीत लिया।
दूसरा मैच लक्ष्मी भंडार और चितई सेवन के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए चितई सेवन ने सात ओवर में छह विकेट खोकर 52 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए लक्ष्मी भंडार की टीम 8.3 ओवर में छह विकेट खोकर 41 रन पर सिमट गई। चितई सेवन ने 11 रन से मुकाबला अपने नाम किया। तीसरे मैच में डोलीडाना सेवन और जय साईं सेवन आमने-सामने रहे। जय साईं सेवन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 110 रन बनाए। पंकज कबडवाल ने 68 रन की शानदार पारी खेलकर टूर्नामेंट का अब तक का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डोलीडाना सेवन की टीम आठ ओवर में 38 रन पर ऑल आउट हो गई। जय साईं सेवन ने 72 रन से बड़ी जीत दर्ज की। इस मौके पर भूपेंद्र बिष्ट, धीरज बिष्ट, खजान पांडे, दिव्यांशु बिष्ट, पारस कांडपाल, त्रिलोक रौतेला, नीरज सांगा और प्रकाश बिष्ट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।