प्रशासन जागेश्वर में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। कुमाऊं मंडल आयुक्त अवनेंद्र सिंह नयाल ने जागेश्वर में अधिकारियों की बैठक ली।
दो नवंबर तक सभी तैयारियां पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि पांच और छह नवंबर को जागेश्वर में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में विदेशों से भी योगार्थी और पर्यटक आएंगे। ध्यान रखा जाए की तैयारियों में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहे।
लोनिवि को निर्देश दिए कि जागेश्वर धाम जाने वाले मार्ग और जटागंगा नदी पर बनने वाले अस्थायी पुल के निर्माण में तेजी लाएं। ईई को स्वयं मानीटरिंग कर प्रतिदिन की प्रगति से डीएम को अवगत कराने को कहा। धीमी गति से चल रहे कार्यों में मजदूरों की संख्या बढ़ाने को कहा।
नयाल ने कहा कि तीन नवंबर को फिर तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। बिजली और जल संस्थान के ईई को तय समय में कार्यों को निपटाने को कहा।
अस्थायी शौचलयों का निर्माण दो नवंबर तक पूर्ण कर लेने, कूड़ेदानों को शीघ्र लगवाने को कहा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को पांच नवंबर को नैनीताल से आने वाले योगार्थियों के लिए पांच बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
सात नवंबर को होने वाले फूड फेस्टिवल के लिए गुरुड़ाबांज में हेलीपैड और मैदान का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसपी केएस नगन्याल, केएमवीएन के जीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, एसडीएम अनिल चन्याल, उप निदेशक पर्यटन जेसी बेरी, सीएमओ डा. आरसी पंत, ईई जल संस्थान नंद किशोर, एआरटीओ विमल पांडे, मंदिर प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक प्रकाश भट्ट, पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या आदि उपस्थित थे।