पुरस्कार और अधिकारियों के साथ केआरसी के धावक।
- फोटो : amar ujala
कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में उत्तराखंड सब एरिया क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 10 किमी लंबी इस दौड़ को केंद्र के कमांडेंट ब्रिगेडियर जीएस राठौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें कुमाऊं रेजीमेंट के धावकों का जलवा रहा और केंद्र ने चैंपियनशिप भी हासिल की। प्रतियोगिता में कुल तीन टीमों ने भाग लिया था।
शनिवार की तड़के साढ़े छह बजे उत्तराखंड सब एरिया क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता यहां सोमनाथ मैदान से शुरू हुई। कमांडेंट ब्रिगेडियर जीएस राठौर ने धावकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें हरी झंडी दिखाई। क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र की टीम के सिपाही दर्शन सिंह पहले स्थान पर रहे, जबकि सिपाही राजेंद्र नाथ और सिपाही संतोष कुमार क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। अव्वल रहे तीनों धावक केआरसी के होने के कारण चैंपियनशिप भी केंद्र के नाम रही। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि कमांडेंट ब्रिगेडियर जीएस राठौर ने विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की। इसके अलावा उन्होंने धावकों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी बांटे। उन्होंने धावकों के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह का प्रदर्शन कर केंद्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट कर्नल निखिल श्रीवास्तव, कार्यवाहक जीएसओ-1 प्रशिक्षण ले. कर्नल विजय नरसिम्हन के अलावा सेना के जूनियर और सीनियर अधिकारी मौजूद थे।