अल्मोड़ा। बाड़ेछीना के सुपई गांव में कुछ लोगों ने एक युवक की लाठी डंडों से पीटकर निर्ममता से हत्या कर दी। युवक को अकेला देख उस पर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। युवक की मौत के बाद से जहां परिवार में कोहराम मचा हैं, वहीं गांव में दहशत का माहौल है। खबर लिखे जाने तक मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं हो पाई थी।
जानकारी के अनुसार सोमवार को बाड़ेछीना के सुपई गांव निवासी राजेंद्र सिंह चम्याल (30) पुत्र नैन सिंह चम्याल पर कांचुला पुल के समीप गांव के ही कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि 15- 20 लोगों ने लाठी और डंडों से उसे खूब पीटा और अधमरा कर वहां छोड़ गए।
वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उसे देखकर अधमरी हालत में देखा तो राजस्व उपनिरीक्षक को मामले की जानकारी दी। उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल अल्मोड़ा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। राजस्व उपनिरीक्षक पल्यूं कृपाल सिंह बेलवाल ने बताया कि मामले में अब तक तहरीर नहीं मिली है।
बताया जा रहा है कि युवक ठेकेदार के साथ मुंशी का कार्य करता था। उसका पिछले दिनों कुछ लोगों के साथ झगड़ा हुआ था। इस घटना से जहां गांव में दहशत का माहौल है, वहीं लगातार बढ़ रही अपराधिक घटना से लोगों में भारी रोष भी है। इधर, देर शाम अस्पताल में मौत के बाद कोतवाल हरेंद्र चौधरी भी पुलिस टीम से साथ मौके पर पहुंचे।