केदारनाथ फिल्म निर्माता का पुतला फूंकते हिजामं कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने केदारनाथ फिल्म के आपत्तिजनक दृश्य और संवादों पर नाराजगी जताते हुए चौघानपाटा में फिल्म निर्माता अभिषेक कपूर का पुतला दहन किया। उन्होंने केदारनाथ फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि केदारनाथ में 2013 में आई दैवी आपदा की पृष्ठभूमि और केदार बाबा पर आधारित केदारनाथ फिल्म प्रदर्शित होने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म निर्माता ने केदारनाथ को पृष्ठभूमि में रखकर अनेक आपत्तिजनक दृश्य और संवादों को फिल्माया है। दो हजार वर्ष पुराने हिंदू तीर्थ और 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख स्थान रखने वाले तीर्थ में एक मुस्लिम युवक को नमाज पढ़ते दिखाया गया है। फिल्म में ऐसे आपत्तिजनक दृश्यों से हिंदू समाज की आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंच रही है।
फिल्म में ऐसे संवादों का प्रयोग किया गया है कि जो हिंदुओं के धार्मिक विश्वासों और आस्थाओं को छिन्न-भिन्न करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। उन्होंने फिल्म पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने अथवा आपत्तिजनक दृश्य, संवाद हटाने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर उत्तराखंड में फिल्म रिलीज नहीं होने देने का एलान किया। पुतला फूंकने वालों में मंच के जिलाध्यक्ष अभय साह, बेटी बचाओ के प्रदेश संयोजक अनूप साह, प्रदेश मंत्री जगदीश जोशी, नगर अध्यक्ष दीप सुंदर बिष्ट, विकास कन्नौजिया, बिंदु भंडारी, प्रकाश बिष्ट, अमन नज्जौन, यश देवली, आयुष्मान भट्ट, अभय उप्रेती, अमित साह आदि शामिल हैं।