भैंसियाछाना ब्लाक के अंतर्गत लिंगुणता में जैंगल नदी पर 40 मीटर लंबे स्पान स्टील गार्डर पैदल पुल के लिए प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दे दी है। पूर्व में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने जैंगल नदी पर पैदल पुल बनाने की घोषणा की थी।
संसदीय सचिव विधायक मनोज तिवारी ने बताया कि 2.38 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। इस पुल के बनने से लिंगुणता समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। क्षेत्र के लोग लंबे समय से जैंगल नदी पर पैदल पुल निर्माण की मांग कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र के हवालबाग विकासखंड में पं. गोविंद बल्लभ पंत की जन्म स्थली खूंट में एक बहुउद्देश्यीय भवन और मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए तीन लाख रुपये की धनराशि भी अवमुक्त कर दी है।
तिवारी ने कार्यदायी संस्था को शीघ्र निविदा जारी कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए धनराशि अवमुक्त करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार जताया है।