नरसिंह मंदिर के प्रांगण में बैठक करते ग्रामीण
- फोटो : amar ujala
अमर उजाला फाउंडेशन के गगास नदी बचाओ अभियान से प्रेरणा लेकर ग्राम पंचायत अर्जुनराठ और भानराठ के ग्रामीणों ने नरसिंह मंदिर अर्जुनराठ में पानी बचाने, जंगल बचाने की शपथ ली है। उन्होंने कहा कि जंगल को हरा भरा बनाने के लिए पौधे लगाएंगे और जल स्रोतों का संरक्षण करेंगे। ग्रामीणों ने पानी और जंगल बचाने के लिए सभी लोगों से सहयोग का आह्वान किया। इसे अभियान के रूप में चलाने के लिए नरसिंह मंदिर अर्जुनराठ प्रांगण में में अर्जुनराठ और भानाराठ के ग्रामीणों ने संयुक्त बैठक की।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जंगल और जल संरक्षण नहीं किया गया तो भविष्य में जल संकट गहरा सकता है। उन्होंने अमर उजाला फाउंडेशन के गगास नदी बचाओ अभियान को सराहा और इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया। ग्रामीणों ने नरसिंह मंदिर में जंगल बचाने और स्थानीय जल स्रोतों, धारों और नदियों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर नरसिंह मंदिर में लोगों ने मेरा गांव-मेरा जंगल बनाने और पानी के संरक्षण की शपथ ली। उन्होंने कहा कि जंगल को हरा भरा बनाने के लिए पौधे लगाए जाएंगे और पौधों की सुरक्षा भी ग्रामीण करेंगे।
जल स्रोतों और गधेरों के आसपास खनन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थित प्राचीन नौलों की सफाई कीजाएगी और उसके आसपास पौधे लगाए जाएंगे। जल्द ही जंगल चिन्हित कर पौध रोपण करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में अर्जुनराठ की प्रधान नंदी देवी, हरीश बोरा, राजेंद्र बोरा, ठाकुर सिंह, खीम सिंह, दीवान सिंह, शंकर सिंह, नारायण राम, जीवन सिंह, पूरन सिंह, जगजीवन सिंह, नरेंद्र बोरा, मनीष बोरा, मनोज बोरा, ललित बोरा, हंसी देवी, इंद्रा देवी, चंपा देवी, खिमुली देवी आदि मौजूद थे।