पेड़ कटने के बाद पहाड़ काटती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। स्याल्दे तहसील के मठखानी गांव में कुछ प्रभावशाली लोगों ने कानून की धज्जियां उड़ाकर नाप भूमि में चीड़ के दर्जनों हरे पेड़ और उपजाऊ भूमि को काटकर 200 मीटर सड़क बना डाली। ग्रामीणों के विरोध करने पर उल्टा प्रभावशाली लोगों ने ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी दी है।
शुक्रवार को गांव के प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों का शिष्टमंडल एसडीएम से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्रीय विधायक द्वारा सड़क का काम कराया जा रहा है। एसडीएम ने गाजर क्षेत्र के पटवारी को मौके पर जाकर मामले की जांच कर आख्या देने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
मामला स्याल्दे तहसील के मठखानी गांव का है। कुछ प्रभावशाली लोगों ने वन भूमि की स्वीकृति के बगैर ग्रामीणों की नाप भूमि में चीड़ के दर्जनों पेड़ काट डाले। यही नहीं कानून को ताख पर रखकर जेसीबी से ग्रामीणों की कई उपजाऊ खेत को काटकर 200 मीटर सड़क बना डाली।
ग्रामीणों ने इसका विरोध जताया तो प्रभावशाली लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों का आरोप है कि यह काम क्षेत्रीय विधायक द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बनाने के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनाने के लिए प्रभावशाली लोगों ने उनकी उपजाऊ जमीन भी काट दी। इससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है।
मठखानी के प्रधान मनवर सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों का शिष्टमंडल शुक्रवार को एसडीएम रजा अब्बास से मिला। उन्होंने एसडीएम से मामले की जांच कर न्याय दिलाने की गुहार की। एसडीएम ने मौके से ही गाजर क्षेत्र के पटवारी को मौके पर जाकर मामले की जांच करने के निर्देश दिए। शिष्टमंडल में श्याम सिंह रावत, इंद्र सिंह, सुंदर सिंह, राजेंद्र सिंह, अजय सिंह, इंद्र, प्रकाश सिंह, मोहन सिंह, गंगा सिंह, ललित सिंह आदि शामिल हैं।