जिला अस्पताल से करीब 50 मीटर की दूरी पर पुरानी सब्जी मंडी में धारानौला जाने वाले मार्ग से लगते हुए जीर्ण हो चुके एक तिमंजिला भवन का कुछ हिस्सा ऐसी खराब हालत में झूल रहा है कि कभी भी वहां बड़ा हादसा हो सकता है। जीर्ण भवन के इस हिस्से में बाहर की तरफ अटके दो पटाल और एक छज्जा तो कभी भी नीचे आ सकता है। अगर यह हिस्सा गिरा तो नीचे से गुजरने वाले कई लोगों की जान बचना संभव नहीं होगा।
लकड़ी का बना यह भवन काफी प्राचीन है। इसका एक हिस्सा काफी हद तक ठीक है और इसमें मुख्य बाजार की तरफ दुकानें भी हैं और कुछ लोग किराए पर भी रहते हैं, लेकिन इस जीर्ण भवन का पीछे (पुरानी सब्जी मंडी) की तरफ का कुछ हिस्सा गिरने की स्थिति में पहुंच गया है। यह भी बता दें कि इस भवन के नीचे आसपास नीचे, ऊपर जाने वालों की काफी भीड़ रहती है। दशहरा दीवाली के दौरान तो ज्यादा ही भीड़ रहेगी।
लकड़ी का कुछ जीर्ण-शीर्ण ढांचा और वहां अटके दो पटाल कभी भी धराशायी हो सकते हैं। इधर पता लगा है कि इस भवन में रहने वाले कुछ किराएदारों और भवन स्वामी का कोर्ट में वाद चल रहा है। इस बारे में पूछे जाने पर एसडीएम विवेक राय ने बताया कि नगरपालिका के ईओ को मौका मुआयना करने और कोर्ट में पक्षकार बनकर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।