रानीखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय प्राइमरी विद्यालय द्वारसों में मंगलवार को एक चौपाल का आयोजन किया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत राहुल आनंद ने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क मरम्मत, विद्युत आपूर्ति, आधार कार्ड संबंधित दिक्कतें, आंगनबाड़ी में नियुक्ति, वृद्धावस्था पेंशन सहित कई मुद्दे उठाए।
चिकित्सा विभाग ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। चौपाल में द्वारसों-सिमोली मोटरमार्ग का द्वितीय चरण में डामरीकरण कराने की मांग ग्रामवासी दीवान सिंह जलाल ने रखी। उन्होंने बताया कि मार्ग की खस्ताहाल स्थिति से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पूर्व ग्राम प्रधान दलमोटी गोपाल सिंह ने जल जीवन मिशन का कार्य अधूरा रहने पर नाराजगी जताई और जल्द कार्य पूर्ण कराने की मांग की।
संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। वहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य किशन सिंह राणा, दीपक साह, दीवान जलाल, दीपक बोरा, आनंद सिंह आदि थे।