सेवाकाल में पालिका परिषद में जमा फंड के भुगतान की मांग को लेकर सेवािननिवृत्त उग्र हो गए हैं। उन्होंने पालिका कार्यालय के सामने मालरोड में जाम लगा दिया। जाम के चलते मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में डिप्टी कलक्टर विवेक राय और सीओ अव्वल सिंह रावत ने मौके पर पहुंचकर आंदोलित सेवानिवृत्तों से वार्ता की। चार मार्च को पालिका, प्रशासन और सेवानिवृत्तों की बैठक कर समस्या के समाधान कराने के लिखित आश्वासन पर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका।
पालिका के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे से कार्यालय प्रांगण के सामने सड़क में जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सेवानिवृत्तों ने पालिका और शासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि वृद्ध कर्मियों के आंदोलन को नौ माह से अधिक समय हो गया है पर अवशेष देयकों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। बाद में डिप्टी कलक्टर विवेक राय, सीओ अव्वल सिंह रावत, कोतवाल पीसी भट्ट पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने आंदोलनकारियों से जाम खोलने का आग्रह किया, लेकिन कर्मचारी नहीं माने। बाद में एसडीएम ने सेवानिवृत्तों की जिला प्रशासन, पालिका परिषद के साथ चार मार्च को बैठक करवाकर मांगों का समाधान निकालने का लिखित आश्वासन दिया। इस पर सेवानिवृत्त कर्मियों ने सहमति जताई और डेढ़ घंटे बाद साढ़े बारह बजे जाम खोल दिया। प्रदर्शन और जाम लगाने वालों में संगठन के अध्यक्ष भुवन चंद्र लोहनी, गोपाल सिंह, नवीन गुरुरानी, शंकर लाल, पूरन लाल, राम चरण, मोहन सिंह, चंद्रशेखर, भाजपा के रवि रौतेला, विनीत बिष्ट, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष शैलेंद्र तिलारा, अंकित पांडे, धर्मेंद्र बिष्ट, कैलाश गुरुरानी, ललित बिष्ट आदि मौजूद थे।