पदोन्नति की मांग पूरी नहीं होने से गुस्साई नगर पंचायत की सफाई कर्मचारी कमलेश देवी ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। वह पिछले चार दिनों से धरने पर बैठी थीं। भूख हड़ताल के समर्थन में वाल्मीकि समुदाय के कई लोगों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समर्थन दिया। इधर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने 27 फरवरी को सभी सफाई कर्मचारियों की बैठक बुलाई है।
कमलेश देवी का कहना है कि 28 सालों से लगातार वह नगरपंचायत में सफाई कर्मचारी पद पर कार्य कर रही हैं, लेकिन आज तक उन्हें पदोन्नति नहीं दी गई है। नगर पंचायत प्रशासन इस संबंध में उनकी अनदेखी कर रहा है। कमलेश देवी जब भूख हड़ताल पर बैठीं तो उनके साथ वाल्मीकि समुदाय के कई महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी पहुंचे। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी हुई। समर्थन देने वालों में सतीश वाल्मीकि,अमित, प्रश्नजीत, राकेश, सुमित, संजय, बबलू, नरेश, राजेंद्र, रतन सिंह, बलवीर, रेखादेवी, कुसुम, कविता, मुनेश, सुमरती, मीनू देवी, राधा देवी, रजनी देवी सहित तमाम लोग मौजूद थे। इधर अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर ने 27 फरवरी को साढ़े 11 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष विमला शाह सहित सभी सफाई कर्मचारियों की बैठक भी बुलाई है।