अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में एक माह तक चले प्रसिद्ध श्रावणी मेले का शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया है। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि जागेश्वर धाम में होने वाली आरती को लाइव दिखाया जाएगा, जिससे मंदिर समिति की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मंदिर समिति को विभिन्न श्रोत से 31 लाख रुपये की आय हुई है, जो कि पिछले साल की अपेक्षा सात लाख अधिक है।
डीएम भदौरिया ने कहा कि इस वर्ष श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हुई है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया गया और लाखों श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे। उन्होंने मेले की सफलता के लिए सभी का आभार जताया। कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखा गया। बताया कि जल्दी ही जागेश्वर में वृहद सफाई अभियान चलाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल, भाजपा नेता सुभाष पांडे ने जागेश्वर के आसपास के मंदिरों को पर्यटन सर्किट से जोड़ने पर जोर दिया। मेलाधिकारी एसडीएम भनोली मोनिका, मंदिर समिति के प्रबंधक भगवान भट्ट ने मेले में सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। समारोह में मेले में सहयोग करने वाले निर्बल स्वयं सहायता समूह और कार्य करने वाले वालंटियरों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
दर्पण कला समिति और अन्य सांस्कृतिक दलों ने कार्यक्रम पेश कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष गोविंद गोपाल, निवर्तमान प्रधान हरिमोहन भट्ट, कमलनाथ, हरीश भट्ट, बलवंत गैड़ा, उप शिक्षाधिकारी हरीश रौतेला, एएमए जिला पंचायत गजेंद्र सिंह कठैत आदि मौजूद थे। संचालन जगदीश भट्ट ने किया।
रिकॉर्ड चार लाख भक्त पहुंचे जागेश्वर धाम
अल्मोड़ा। मंदिर समिति के पदाधिकारियों के अनुसार इस वर्ष जागेश्वर धाम करीब चार लाख भक्तजन पहुंचे, जबकि पिछले साल सवा लाख से डेढ़ लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। इसके अलावा डीएम ने कहा कि मेलास्थल पर शटल सेवा, पार्किंग, मोबाइल शौचालय, टिनशेड और बेंच आदि का निर्माण किया गया है। ब्यूरो