अल्मोड़ा का प्रसिद्ध जागेश्वर मंदिर।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को 96 घंटे पहले जारी कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट पेश करनी होगी। यह फैसला यहां जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को पूजा और ऑनलाइन दर्शन के लिए रसीद लेनी होगी।
अल्मोड़ा के जिलाधिकारी और जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि मंदिर समिति की बैठक और क्षेत्रीय जनता की मांग के आधार पर जागेश्वर मंदिर समूह को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए अगले स्तर पर खोलने पर चर्चा की गई तथा इस संबंध में कई निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जागेश्वर मंदिर समूह को उत्तराखंडवासियों (जिनके पास संबंधित दस्तावेज हों) के लिए खोलने और उत्तराखंड से बाहर के प्रदेशों के श्रद्धालुओं को केंद्र और राज्य सरकार से जारी निर्देशों के क्रम में 96 घंटे पहले जारी कोरोना निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य रूप से पेश करनी होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मंदिर समूह क्षेत्र में होने वाली पूजा पहले की तरह ऑनलाइन कराई जाएंगी। किसी भी प्रकार की पूजा, ऑनलाइन दर्शन के लिए रसीद कटवानी होगी। ऑनलाइन पूजा के लिए मंदिरों के गर्भगृह में केवल संकल्प पूजा और आरती की अनुमति होगी। मंदिर समूह क्षेत्र में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए केंद्र, राज्य सरकार, जिला प्रशासन और प्रबंधन समिति से जारी निर्देशों का पालन करना होगा। मंदिर दर्शन के लिए जागेश्वर सांस्कृतिक मंच बैरियर से सुबह आठ से शाम पांच बजे तक दैनिक आधार पर आवश्यक पास (पंजीकरण) ऑफलाइन जारी किए जाएंगे। मंदिर दर्शन के लिए इस पास की आवश्यकता होगी। बिना पास के मंदिर में दर्शन की अनुमति नहीं होगी।