अल्मोड़ा। प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में आगामी 16 जुलाई से 15 अगस्त तक प्रस्तावित श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि विगत वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए पार्किंग, यातायात, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे जागेश्वर धाम से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी भनोली सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार/प्रबंधक जागेश्वर मंदिर समिति ज्योति धपवाल सहित जागेश्वर के हितधारक प्रतिनिधि मौजूद रहे।