अल्मोड़ा। भैसियाछाना ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) धौलछीना लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। प्रवक्ताओं के स्वीकृत नौ पदों के सापेक्ष केवल चार प्रवक्ता ही तैनात हैं। विज्ञान के मुख्य विषयों के लिए प्रवक्ता ही नियुक्त नहीं हैं। अतिथि शिक्षकों के माध्यम से किसी तरह कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। वहीं कृषि विषय के लिए सहायक अध्यापक का पद भी रिक्त है।
विद्यालय में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान सहित अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ता नहीं हैं। इससे छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थिति यह है कि प्रधानाचार्य का पद भी रिक्त है। शिक्षकों की कमी का असर विद्यालय की छात्र संख्या पर भी पड़ रहा है।
विगत शिक्षा सत्र में जहां विद्यालय में छात्रों की संख्या 207 थी वह वर्तमान शिक्षा सत्र में घटकर 195 में हो गई है। अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य की चिंता जताते हुए प्रवक्ताओं की नियुक्ति और बेहतर व्यवस्थाएं बनाने की मांग की है।
- विद्यालय में स्वीकृत पदों के सापेक्ष पांच प्रवक्ता और एक सहायक अध्यापक का पद रिक्त है। विद्यालय में एक हॉल की अति आवश्यकता है। इसके लिए विभाग से बराबर मांग की जाती रही हैं। - जितेंद्र सिंह मेहरा, प्रभारी प्रधानाचार्य, राइंका धौलछीना